आगरा-लखनऊ एक्‍सप्रेसवे पर स्‍लीपर बस ने DCM में मारी टक्‍कर, 4 यात्रियों की मौत

उन्‍नाव. घना कोहरा और ड्राइवर की चूक लगातार आफत बनकर लोगों की जान ले रहा है. उन्‍नाव में आगरा-लखनऊ एक्‍सप्रेसवे पर बस चालक ने DCM वाहन में पीछे से जोरदार टक्‍कर मार दी. इस हादसे में बस में सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्‍य घायल हो गए. दुर्घटनाग्रस्‍त स्‍लीपर बस गुजरात के राजकोट से लखीमपुर खीरी जा रही थी. आशंका जताई जा रही है कि बस ड्राइवर को झपकी आ गई थी और वह आगे वाहन को नहीं देख पाए. इस वजह से बस ने सीधे डीसीएम में टक्‍कर मार दी. सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्‍जे में लेकर उसे पोस्‍टमॉर्टम के लिए भेज दिया.

जानकारी के अनुसार, आगरा-लखनऊ एक्‍सप्रेसवे पर हुए हादसे में मारे गए 4 लोगों में 3 महिलाएं और एक पुरुष हैं. वहीं, हादसे में 10 से ज्‍यादा यात्रियों के घायल होने की भी सूचना है. घायलों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर और जिला अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है. आशंका है कि बस चालक को झपकी आ गई, इस वजह से बस औरास थाना क्षेत्र में एक डीसीएम में जाकर टकरा गई. स्‍थानीय पुलिस इस मामले में प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है. बता दें कि इस वक्‍त उत्‍तर प्रदेश के कई हिस्‍सों में कड़ाके की ठंडके साथ घना से बहुत घना कोहरा पड़ रहा है. घने कोहरे की वजह से भी हादसे होने की खबरें सामने आ रही हैं.