अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने PM मोदी की मां हीराबा के निधन पर जताया शोक

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) और प्रथम महिला जिल बाइडेन (Jill Biden) ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन (PM Modi’s Mother Heeraba Demise) पर शोक व्यक्त किया और सांत्वना दी. जो बाइडेन ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘जिल और मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर उनको अपनी गहरी संवेदनाएं भेजते हैं.’ आपको बता दें कि पीएम मोदी की मां हीराबा का 30 दिसंबर की सुबह 3:30 बजे अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में निधन हो गया. वह अपने 100वें वर्ष में थीं. प्रधानमंत्री गांधीनगर में अपनी मां की अंतिम यात्रा और अंत्येष्टि में शामिल हुए. उन्होंने पार्थिव शरीर को कंधा दिया और चिता को मुखाग्नि दी.

अंत्येष्टि के तुरंत बाद पीएम मोदी काम में जुट गए. उन्हें रेल, मेट्रो, सैनिटेशन और इंफ्रा से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास करने कोलकाता जाना था. लेकिन मां के निधन की वजह से व​ह यहां स-शरीर उपस्थित नहीं हो सके. उन्होंने गांधीनगर राजभवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उपरोक्त कार्यक्रमों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहे. इसके बाद पीएम गांधीनगर से ही वीसी के जरिए गंगा परिषद की बैठक से जुड़े और इसकी अध्यक्षता की. इस मीटिंग में यूपी, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ​झारखंड, ​बिहार सहित 9 राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित थे. बिहार के सीएम नीतीश कुमार की जगह उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बैठक में शामिल हुए.

भारत में चीनी दूतावास ने भी हीराबा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति उनकी प्यारी मां हीराबेन मोदी के निधन पर गहरी संवेदनाएं. शोक संतप्त परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं. उनकी आत्मा को शांति मिले.’ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबा के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने ट्वीट किया, ‘मां को खोने से बड़ा कोई नुकसान नहीं है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माता के निधन पर मेरी संवेदनाएं.’ इसके अलावा कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने पीएम मोदी की मां के निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट कीं. इनमें इजरायल, मालदीव, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, सऊदी अरब के राष्ट्राध्यक्ष भी शामिल हैं.

हीराबा के लिए वडनगर में 1 जनवरी को सुबह 10 बजे से प्रार्थना सभा होगी. प्रधानमंत्री मोदी का जन्म वडनगर में ही हुआ था. उनके पिता यहीं के रेलवे स्टेशन पर चाय की दुकान लगाते थे. पीएम कई बार सार्व​जनिक तौर पर इसका जिक्र कर चुके हैं कि वह बचपन में वडनगर रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों में चाय बेचते थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में हीराबा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस दौरान वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती में 2 मिनट का मौन रख कर हीराबेन मोदी की फोटो के साथ मिट्टी के दीये से नमन लिखकर, मां गंगा की आरती की गई और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई.