हिमाचल में भूकंप के झटके, अल सुबह डोली धरती, सुंदरनगर रहा केंद्र
शिमला. हिमाचल प्रदेश में भूकंप (Earthquake in Himachal) के झटके महसूस किए गए हैं. शनिवार को सूबे के मंडी जिले में हल्का भूकंप आया है. मंडी (Mandi) जिले के सुंदरनगर के समीप नालू नामक स्थान भूकंप का केंद्र रहा है. इस दौरान किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है. ज्यादातर लोगों को भूकंप महसूस नहीं हुआ है. हालांकि, कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर भकूंप आने की जानकारी साझा की है.
जानकारी के अनुसार, मंडी जिले के सुंदरनगर (Sunder Nagar) में यह भूकंप महसूस हुआ है. रिक्टर स्केल पर 2.80 भूकंप की तीव्रता रही और जमीन में 5 किमी नीचे भूकंप का केंद्र रहा. साथ ही करीब 44 किमी के दायरे में भूकंप के झटके महसूस हुए हैं. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार सुबह 5 बजकर 51 मिनट 17 सेकंड पर धरती डोली है.
बीते 14 दिन में हिमाचल में चौथी बार भूकंप महसूस किया गया है. इससे पहले, 26 दिसंबर को कागंड़ा, 21 दिसंबर को लाहौल स्पीति और 16 दिसंबर को किन्नौर में झटके महसूस हुए थे. हालांकि, तीव्रता काफी कम थी और जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था. गौरतलब है कि हिमाचल में साल 1905 में कांगड़ा में बड़ा भूकंप आया था. इसके बाद 1975 में किन्नौर में भी भूकंप आने से काफी नुकसान हुआ था. मंडी, शिमला, चंबा जिले में हिमाचल में सबसे अधिक भूकंप आता है.