मां हीरा बा के निधन के चलते PM मोदी का कोलकाता दौरा रद्द

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा (PM Modi’s Mother Hiraba Passes Away) का 100 वर्ष की उम्र में, शुक्रवार तड़के अहमदाबाद के यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर अस्पताल में हो गया. पीएम मोदी ने खुद ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी. पीएम मोदी को आज पश्चिम बंगाल में 7,800 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करना था. इसके लिए उन्हेंआज कोलकाता जाना था. लेकिन मां हीरा बा के निधन के कारण उन्हें अपना तय शेड्यूल रद्द कर अहमदाबाद जाना पड़ा.

प्रधानमंत्री ने भले ही मां के निधन के चलतेअपना कोलकाता जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया, लेकिन वहां ​विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का कार्यक्रम नहीं टाला. सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इन कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं. पीएम मोदी को आज सुबह 11:15 बजे हावड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचना था. यहां उन्हें हावड़ा को न्यू जलपाईगुड़ी से जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) को झंडी दिखाकर रवाना करना था. इसके अलावा उन्हें कोलकाता में जोका-तारातला मेट्रो पर्पल लाइन का लोकार्पण करना था. उन्हें राष्ट्रीय गंगा परिषद की दूसरी बैठक की अध्यक्षता करनी थी, जिसमें उन 9 राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी शामिल रहना था, जिन राज्यों से गंगा नदी गुजरती है.

इसके अलावा प्रधानमंत्री को न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना की आधारशिला भी रखनी थी. इस स्टेशन को 350 करोड़ की लागत से आधुनिक बनाया जाना है, जिसका काम 2025 में पूरा होगा. इसके अलावा 990 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) के तहत विकसित 7 सीवरेज बुनियादी ढांचा परियोजनाओं (20 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और 612 किलोमीटर नेटवर्क) का उद्घाटन पीएम मोदी को अपने कोलकाता दौरे पर करना था. इन परियोजनाओं से नबद्वीप, कचरापाड़ा, हलीशर, बज-बज, बैरकपुर, चंदन नगर, बांसबेरिया, उत्तरापाड़ा कोटरुंग, बैद्यबती, भद्रेश्वर, नैहाटी, गरुलिया, टीटागढ़ और पानीहाटी की नगरपालिकाओं को लाभ होगा. इन परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल में 200 एमएलडी से अधिक की सीवेज ट्रीटमेंट क्षमता में इजाफा होगा. मां हीरा बा के निधन के चलते पीएम को अचानक अहमदाबाद जाना पड़ा. वह कोलकाता के इन सभी कार्यक्रमों में वर्चुअली शामिल हो सकते हैं.