कानपुर: सेप्टिक टैंक साफ करने उतरे तीन मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आए, मौत

कानपुर. यूपी के कानपुर में जाजमऊ स्थित एक टेनरी में सेप्टिक टैंक साफ करने उतरे टीम मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में तीनों मजदूरों को हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया. मामले में मृतकों के परिजनों ने टेनरी प्रबंधक पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. फ़िलहाल, पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही कहा है कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दरअसल, पूरा मामला जाजमऊ स्थित शालीमार टेनरी का है, जहां गुरुवार दोपहर के वक्त तीन मजदूरों को सेप्टिक टैंक साफ करने के लिए बुलाया गया था. तीनों जैसे ही सेप्टिक टैंक में उतरे तो बेहोश हो गए. इसके बाद मौके पर मौजूद टेनरी प्रबंधक ने सभी को हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद टेनरी प्रबंधक शवों को छोड़कर फरार हो गया. फिर डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.परिजनों ने टेनरी प्रबंधन पर लगाया आरोप
सभी मृतकों की शिनाख्त गल्ला मंडी नौबस्ता के रहने वाले 29 वर्षीय सोनू, 32 वर्षीय सुखवीर और 30 वर्षीय सत्यम के तौर पर हुई है. अस्पताल में मौजूद मृतकों के परिजनों ने टेनरी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि बिना किसी सेफ्टी उपकरण के सभी को सेप्टिक टैंक में उतारा गया, जिसकी वजह से मौत हुई.