आदित्य पवार भारत जोड़ो यात्रा में होंगे शामिल, NCP से रोहित पवार लेंगे इस मार्च में हिस्सा
मुंबई: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ा यात्रा में शामिल नहीं होंगे. लेकिन शिवसेना विधायक आदित्य ठाकरे और एनसीपी विधायक रोहित पवार महाराष्ट्र में कांग्रेस के इस मार्च में हिस्सा लेंगे. शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा दोनों ने अपने युवा नेताओं के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की पुष्टि की है. जहां आदित्य के 11 नवंबर को राहुल के साथ यात्रा में शामिल होने की संभावना है, वहीं रोहित 3 दिन बाद हिंगोली में यात्रा का हिस्सा होंगे. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उन्होंने विपक्षी दलों के युवा विधायकों को यात्रा में शामिल होने के लिए कहा है.
आदित्य ठाकरे ने कहा कि पिता उद्धव ठाकरे ने उन्हें कांग्रेस के इस मार्च में शामिल होने के लिए कहा है. उन्होंने कहा, ‘सटीक तारीखों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, लेकिन हम निश्चित रूप से यात्रा में शामिल हो रहे हैं. सभी गठबंधन सहयोगी-शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस-देख रहे हैं कि आज लोकतंत्र और संविधान के लिए एक बड़ा खतरा है. लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एक साथ खड़ा होना महत्वपूर्ण है.’ उद्धव गुट की शिवसेना के युवा नेता आदित्य वर्ली से विधायक हैं और पिछली महा विकास अघाड़ी सरकार में कैबिनेट मंत्री थी, जिसमें कांग्रेस और एनसीपी सहयोगी दल के रूप में शामिल थे.
शरद पवार के नाती रोहित कर्जत-जामखेड़ से विधायक हैं और खास तौर पर ग्रामीण युवाओं और किसान समुदाय के बीच लोकप्रिय माने जाते हैं. उन्होंने कहा कि उनके 14 नवंबर को यात्रा में शामिल होने की संभावना है. द टाइम्स ऑफ इंडिया ने एक राजनीतिक विश्लेषक के हवाले से लिखा, ‘आदित्य और रोहित महाराष्ट्र में शिवसेना और राकांपा के युवा चेहरे हैं. आदित्य एक शहरी चेहरा हैं और अपने पर्यावरण समर्थक रुख के लिए जाने जाते हैं, रोहित युवा किसानों और ग्रामीण समुदायों के बीच लोकप्रिय हैं. इन दोनों के कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने से युवा मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एक बड़ा संदेश जाएगा.’
कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा, 7 नवंबर को अपने 61 वें दिन में प्रवेश कर गई और पड़ोसी राज्य तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलुर पहुंची. राहुल ने 10 नवंबर को नांदेड़ में एक रैली को संबोधित किया और उनकी दूसरी रैली 18 नवंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव में होगी. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र में अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान राज्य के 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से होकर गुजरेगी. यह 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करने से पहले महाराष्ट्र के 5 जिलों में 382 किमी की दूरी तय करेगी.