छत्तीसगढ़ः साधु के भेष में थे 3 शख्स, बच्चा चोर के शक में भीड़ ने कर दी जमकर पिटाई
दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. भीड़ ने साधु के भेष में दिखे 3 लोगों की जमकर पिटाई कर दी. बच्चा चोर होने के शक में भीड़ उग्र हो गई और तीनों को पीटने लगे. एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि तीनों की पहचान सुनिश्चित नहीं हो सकी है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों शख्स साधु के भेष में घू रहे थे. उनका आचरण संदिग्ध दिख रहा था और वे बच्चों से भी बातें कर रहे थे. उसी दौरान लोगों को शक हुआ कि वे बच्चा चोरी करने के इरादे से घूम रहे हैं. देखते ही देखते यह बात आसपास फैल गई. मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और तीनों की जमकर पिटाई करने लगे. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि तीनों का व्यवहार संदिग्ध लग रहा था, लेकिन लोगों ने जो किया वह गलत है.किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है.
जानकारी के अनुसार, भीड़ द्वारा साधु के भेष में घूम रहे 3 लोगों को पीटने की यह घटना दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र के चरोदा बस्ती की है. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो बस्ती में अचानक से बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने साधु की भेष में घूम रहे तीन लोगों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी. तीनों को इस बेरहमी से पीटा गया कि वे लहूलुहान हो गए. वे हाथ जोड़कर मिन्नतें करते रहे, लेकिन उग्र लोगों ने उनकी एक न सुनी. घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और जैसे-तैसे करके आक्रोशित भीड़ को शांत कराया.
स्थानीय पुलिस ने बताया कि साधुओं के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है. बताया जाता है कि दुर्ग जिले में पिछले कुछ महीनों में बच्चा चोरी की अफवाह में पिटाई की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने बताया कि पीड़ितों का मेडिकल कराया गया है. साथ ही आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है. छत्तीसगढ़ के साथ ही अन्य प्रदेशों में भी बच्चा चोरी के शक में साधुओं के साथ मारपीट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं.