जेयू कर्मियों का धरना जारी, बैक डोर काम कर रहे कर्मचारियों की खिंचाई की

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में तृतीय श्रेणी व चतुर्थ श्रेणी नियमित कर्मचारियों की हड़ताल आज तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के तीसरे दिन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के कुछ कर्मचारियों की यह शिकायतें चर्चा का केन्द्र रही कि वे धरना के समय से पहले सुबह और बाद में शाम को अधिकारियों के मदद करने के लिए काम निपटाने जा रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों के इस रवैये पर पदाधिकारियों ने आज खुले मंच पर जमकर नाराजगी जताई।
मप्र विश्वविद्यालयीन गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष राकेश गुर्जर ने कहा कि कर्मचारी अगर इसी तरह से बैक डोर से अधिकारियों की मदद करने जाएंगे तो फिर हड़ताल का कोई फायदा नहीं है। कितने भी दिन हम हड़ताल कर दें, कोई सुनवाई नहीं होगी। जब तक विवि का कामकाज प्रभावित नहीं होगा, तब तक उनकी सुनवाई नहीं होने वाली। इसलिए एकजुट होकर धरने पर बैठें। कोई भी काम नहीं किया जाए। हम कुलपति, रेक्टर, रजिस्ट्रार सहित अन्य अधिकारियों से भी मिलने जा रहे हैं और उनका समर्थन मांगेंगे। जिससे वे हड़ताल में हमारा सहयोग करें। शासन को सूचित करें कि हड़ताल से व्यवस्थाएं लड़खड़ाती जा रही हैं।