सुगम यातायात के लिए हटाया अवैध अतिक्रमण

ग्वालियर – नगर निगम के मदाखलत अमले द्वारा सुगम यातायात एवं नागरिकों की सुविधा के लिए निरंतर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि निगमायुक्त हर्ष सिंह के निर्देशानुसार शहर में सुगम यातायात हो इसके लिए प्रतिदिन यातायात में बाधक अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की जा रही है। जिसके तहत आज सिंहपुर रोड मुरार ग्वालियर सहित विभिन्न स्थानों पर खडे यातायात में बाधक हाथ ठेलों, दुकानदारों की दुकानों के बाहर सडक पर रखे सामान इत्यादि एवं अन्य अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया गया एवं सामान इत्यादि जब्त कर मदाखलत कार्यालय हुरावली रोड डी.बी. सिटी के सामने स्थित कार्यालय पर भिजवाया गया।
इसके साथ ही नाका चन्द्रवदनी चौराहा, कटोराताल रोड, हॉस्पिटल रोड पर खड़े हाथ ठेलो, गुमटियों एवं सडक पर रखे सामान एवं अन्य अस्थाई अतिक्रमण इत्यादि को हटवाने सम्बन्धी अनाउंसमेन्ट मदाखलत वाहन द्वारा करवाया गया। इसके साथ ही सायं के समय माधव नगर गेट के बाहर लगने वाली चौपाटी एवं कटोराताल पर लगने वाली चौपाटी को हटवाया गया। साथ ही जॉन क्रमांक 19 में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिसकी शिकायत मिलने पर मदाखलत अमले ने त्वरित कार्यवाही करते हुए अवैध निर्माण कार्य को रूकवाया।