25 मई से नौतपा, इस दिन से शुरू होगी प्री मानसून की झमाझम बारिश
ग्वालियर. मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रविवार को शहर में हल्के बादल छाए और दिन में आंधी जैसा मौसम रहा। हवा में नमी आने से दिन में पारा 1.7 लुढकर 38.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे दिन में गर्मी से राहत रही जबकि शुक्रवार को 40.5 डिग्री दर्ज किया गया था इससे गर्मी की चुभन बढी थी लेकिन रविवार को काफी राहत रही। न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ जो सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
गर्मी के सीजन में 20 दिन और
गर्मी के सीजन के 72 दिन बीत गए हैं। इन 72 दिनों में 12 दिन ही तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। 12 दिन ही गर्मी का सामना किया है, 60 दिन राहत के बीते हैं। अब गर्मी के सीजन के 20 दिन बचे हैं। इनमें नौ तपा में तपने के आसार हैं, कयोंकि 13 से 16 मई के बीच बादल व आंधी की संभावना है। इस कारण तापमान नहीं बढ़ सकेगा।
25 मई से नौतपा
मौसम विभाग ने 12 मई को आंधी व बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसकी वजह से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहेगा। गर्मी का सीजन 1 मार्च से 31 मई के बीच रहता है। अप्रेल और मई में भीषण गर्मी रहती है। मई में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच जाता है। लू और तीव्र लू की चपेट में अंचल रहता है, लेकिन इस बार लू का अहसास भी नहीं हुआ। 60 दिन राहत के बीते हैं। नौ तपा (25 मई से) तक राहत रहने वाली है। 1 जून से मानसून सीजन शुरू हो जाएगा और 10 जून के बाद मानसून पूर्व की हलचल शुरू होंगी। इस कारण गर्मी कम रहेगी।