एलिवेटेड रोड के दूसरे चरण को लेकर मिट्टी की जांच शुरू
ग्वालियर. स्वर्ण रेखा पर बन रहे एलिवेटेड रोड के दूसरे चरण को लेकर मिट्टी की जांच की जा रही है। कंस्ट्रक्शन का ठेका लेने वाली पीएनसी इंफ्रा ने छप्परवाला पुल, फूलबाग गुरूद्वारे, नदी गेट से लक्ष्मीबाई प्रतिमास्थल तक की सड़क पर मशीनें लगाकर इस जांच को शुरू किया गया है। मशीन के माध्यम से सड़क किनारे गहरे गड्डे किये जा रहे हैं और उसमें से मिट्टी के सैम्पल लेकर उनकी जांच कराई जा रही है।
यह मिट्टी की जांच आचार संहिता खत्म होने से पूर्व पूरी करने की कोशिश की जा रही है, ताकि जून में आचार संहिता हटने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो सके। जिस कंपनी को निर्माण करने का ठेका मिला है उसके साथ लोक निर्माण विभाग के ब्रिज सेक्शन का अनुबंध हो जायेगा। जून के तीसरे सप्ताह तक यह अनुबंध होने की अनुमान है।
गौरतलब है कि गिरवाई पुलिस चौकी के पास से तारागंज, जनकगंज होते हुए छप्परवाला पुल से फूलबाग गुरूद्वारा होकर लक्ष्मीबाई समाधि स्थल तक 7.4 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड दूसरे चरण में बनाई जानी है। जिसकी कुल लागत 962 करोड़ रुपए है। वहीं पहले चरण में लक्ष्मीबाई स्थल से शर्मा फार्म रोड तक 6.5 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड पहले चरण में बनाई जा रही है।