लखीमपुर हत्याकांड: दलित बहनों का पोस्टमार्टम कर शव परिवार को सौंपा, पिता बोले- मिलना चाहिए मुआवजा
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निघासन थाना क्षेत्र में दो दलित सगी बहनों को अगवा करने के बाद पहले दुष्कर्म और फिर उनकी हत्या कर शव फंदे से लटकाए जाने के मामले दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम हो गया है और परिवार को पार्थिव शरीर सौंप दिए गए हैं. पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे मृतका के पिता ने कहा कि उसकी बेटियों को घर से उठाकर पहले दुष्कर्म किया गया फिर हत्या कर दी गई. उसने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाया है. इसके साथ ही मुआवजा की भी मांग की है.
इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुणेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि चिकित्सकों के पैनल से दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है. उसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार की जा रही है. उसको कोर्ट में पेश किया जाएगा. इसके बारे में एसपी ही कुछ बता सकते हैं.
इस मामले में एडजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा है कि इस केस के सभी पहलुओं को देखा गया है और 24 घण्टे के अंदर सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसमें एक नामजद था और एक अभियुक्त घायल भी हुआ है. इस सम्बन्ध में पोस्टमार्टम पूरा हो गया है. शव परिवारजनों को सौंपा जा चुका है. महिला और महिला सम्बन्धी अपराध की जो प्रदेश की नीति है. इस घटना को शासन द्वारा अनावरण के आदेश प्राप्त हुए थे.
उन्होंने कहा के हमारे विभाग ने पूरी संवेदनशीलता से इस मामले में काम किया है और पीड़िताओं के परिवार को सर्वमान्य मानते हुए आगे की कार्रवाई करेंगे.