GWALIOR में जूनियर डॉक्टरों को शराब पीने से रोका तो CSP को पीटा, अब 3 साल की सजा हो सकती है
ग्वालियर. बुधवार को पुलिस और जूनियर डॉक्टर आपस में भिड़ गए। यह हालात जूड़ा द्वारा सीएसपी के साथ की गई अभद्रता के बाद बने। मंगलवार रात को सड़क पर कार में बैठकर शराब पी रहे जूड़ा को जब सीएसपी ने रोका तो आरोपियों ने उनकी गाड़ी की चाबी छीनकर टायर पंक्चर कर दिया। इतना ही नहीं उनका मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया और उनके गनर से मारपीट की। इसके बाद बुधवार की सुबह पुलिस ने हॉस्टल पर दबिश देते हुए जूड़ा को खींचकर निकाला और थाने ले गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कई छात्र हॉस्टल की छत पर भागते नजर आए।
मेडिकल छात्रों को 3 साल की हो सकती है सजा
पुलिस ने गनर वाइस राम धाकड़ की शिकायत पर 10 से 12 डॉक्टरों पर धारा 147, 148, 149 के तहत बलवा और धारा 353 शासकीय कार्य में बाधा, 294, 506बी मारपीट और धमकाने समेत धारा 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस अधिकारी पहले मोबाइल और चाबी लूटने की बात कह रहे थे। जिसे बाद में रविशंकर हॉस्टल के सीवरेज चैंबर से बरामद किया था। एडवोकेट बलवीर सिंह ने बताया कि इन मामलों में दोष सिद्ध होने पर 3 साल की सजा और जुर्माना दोनों का प्रावधान है। ऐसे में यदि मेडिकल छात्रों पर दोष सिद्ध हो जाता है, तो उन्हें जेल जाना पड़ेगा। साथ ही उनका भविष्य खराब हो जाएगा। वे सरकारी नौकरी भी नहीं कर सकेंगे।