गुरूवारा-फूलबाग के बीच एलिवेटेड रोड पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच में मार्ग खोलने का दबाव बना रहे हैं व्यापारी

स्लैब की साइडों के लिए सरिया कसा, कास्टिंग की तैयारी, सेटिंग गिरी तो हो सकता है हादसा
ग्वालियर-राहगीरों की सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर गुरुद्वारा से फूलबाग चौराहे तक सड़क (डिवाइडर के सामने) का डायवर्जन खोलने की तैयारी की जा रही है। जबकि, अभी इस साइड पर कंस्ट्रक्शन का काम अधूरा है और सबसे बड़ी मुसीबत बनेगी स्लैब की साइडों की कास्टिंग। जिसके लिए सरिया कसा जा चुका है और सेटिंग लगाकर उसकी कास्टिंग होनी है। फिर सेटिंग लगे में कंस्ट्रक्शन कंपनी पीएनसी इंफ्रा इस रास्ते को वाहनों की आवाजाही के लिए कल 14 अगस्त से खोलने का प्लान कर रही है। ऐसा होने पर यदि सेटिंग का कोई भी सामान अचानक सड़क पर गिरा तो राहगीरों की जान पर आ बनेगी।
वहीं कंपनी के अधिकारियों का तर्क है कि चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी लगातार ये दबाव बना रहे हैं कि सड़क बाद में देखी जाएगी, पहले इस डायवर्जन को खत्म कर रास्ता खोला जाए। मॉल के सामने स्लैब साइडिंग की कास्टिंग होनी है
मॉल के लिए अड़े, जनता की फिक्र नहीं
आमजन की सुरक्षा और मॉल के व्यापार को लेकर दोहरा रवैया अपना रहे हैं। व्यापार के सामने आमजन की सुरक्षा का मामला इन पदाधिकारियों ने खूंटी पर टांग दिया है। क्योंकि, जहां अधूरी कास्टिंग बॉर्डर के बीच इन स्लैब के नीचे से वाहन गुजरने पर जेब पदाधिकारी जोर दे रहे हैं। साथ ही कंपनी प्रबंधन से कह रहे हैं कि दूसरी साइड का काम कर लिया जाए। ऐसा करने पर मशीनरी से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
वरिष्ठ अधिकारी निर्णय लेंगे
गुरुद्वारा से फूलबाग चौराहे तक का काम 31 अगस्त तक पूरा हो सकेगा। अभी यहां मॉल के सामने कास्टिंग का काम होने वाला है और फिर उसे खोलने में भी कम से कम 7 दिन का समय लगेगा। चेंबर ऑफ कॉमर्स पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में हमने ये मामला रख दिया था। लेकिन फिर भी 14 अगस्त तक सड़क खोलने के लिए दबाव मिल रहा है। वरिष्ठ अधिकारी इस पर निर्णय लेंगे। हम कुछ नहीं कह सकते। — जेपी शर्मा, पीएनसी इंफ्रा