एक दिन में 165 लोगों को कुत्तों ने काटा, रात में दौड़ लगा देते है गाड़ी के पीछे

ग्वालियर. शहर में कुत्तों का आतंक कम नहीं हो रहा है। रोजाना कुत्ते राह चलते लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। शहर के लगभग हर क्षेत्र में लोग कुत्तों से परेशान हैं। मंगलवार को एक दिन में ही 165 लोग डॉग बाइट का शिकार होकर जेएएच, जिला अस्पताल और सिविल अस्पताल में पहुंचे। जिन्हें एंटी रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए। इस साल जुलाई, अगस्त के महीने के बाद अब सितंबर में भी कुत्ते शहर के लोगों को काट रहे हैं। हालत ये है कि सितंबर के 12 दिन में ही 1360 लोगों को कुत्तों ने काट लिया है। जिन्हें इंजेक्शन लगवाने अस्पताल जाना पड़ा है। सबसे ज्यादा परेशानी रात में होती है। कुत्ते दो पहिया वाहन चालकों के पीछे दौड़ पड़ते हैं और पैर में काट लेते हैं। वाहन चालक उनसे बचने के लिए गाड़ी दौड़ाते हैं, तो हादसे का खतरा रहता है।

राह चलते काटा
मंगलवार को उरवाई गेट इलाके में रहने वाले वैजयंती बाई पत्नी गजराज सिंह उम्र 70 को कुत्ते ने जब काट खाया जब वह अपने किसी परिजन के यहां जा रही थीं। वह जेएएच में बेहद घायल अवस्था में पहुंचीं थीं।

दो घंटे में 18 से ज्यादा मरीज
डॉग बाइट से पीडि़त लोग रोजाना अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। रविवार को एवं अन्य छुट्टी वाले दिन जिला अस्पताल और सिविल अस्पताल में अवकाश रहता है। जेएएच में छुट्टी वाले दिन दो घंटे की ओपीडी होती है, इसमें 18 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं।