ग्वालियर में आकाशीय बिजली गिरने से 15 भैंस की मौत

ग्वालियर. शुक्रवार को दोपहर बाद हल्की रिमझिम बारिश हुई, इस दौरान आसमान से गिरी बिजली ने पनिहार के आमियामा गांव में दहशत फैला दी है। आकाशीय बिजली गिरने से यहां हार में चरने गईं करीब 15 से ज्यादा भैंसों की मौत हो गई। घटना शाम की बताई जा रही है। घटना का पता चलते ही तत्काल पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और नुकसान की घटना की है। बताया जा रहा है कि मृत पशुओं की संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है। घटना का पता चलते ही प्रभारी मंत्री तुलसीराम ने कलेक्टर से बात कर घटना के बारे में बात की साथ ही पशुपालकों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए कहा है।

सितंबर में पहली बार शुक्रवार को हल्की रिमझिम बारिश हुई है। सुबह से आसमान में तेज धूप थी। पर दोपहर बाद मौसम बदला और हल्की बारिश शुरू हुई, लेकिन इस सबके बीच ग्वालियर के पनिहार स्थित बरई ब्लॉक के आमियामा गांव में आकाश से बिजली कहर बनकर गिरी है। शाम को 4 बजे के लगभग अचानक आकाश से गिरी बिजली की चपेट में आने से 15 भैंसों की झुलसकर मौत हो गई है। घटना के बाद तत्काल गांव में हंगामा मच गया और सोशल मीडिया पर मृत भैसों का VIDEO वायरल हो गया। सूचना मिलते ही तत्काल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों के एक दल को मौके पर भेजा। साथ ही निर्देश दिए कि पंचनामा बनाकर जो भी नियमानुसार सहायता बनती हो तत्काल पशु पालकों को दी जाए। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस की टीम को अपना दर्द बताया है। किसी ने कर्ज लेकर भैंस ली थी और करंट में उसकी मौत से वह कर्ज में डूब गया है।