ग्वालियर और इंदौर में जोरदार वर्षा के आसार

ग्वालियर. बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ भी मध्य प्रदेश के मध्य प्रदेश के मध्य से होकर गुजर रहा है। इन दो मौसम प्रणालियों के असर से एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शुक्रवार से ग्वालियर चंबल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभागों के जिलों में झमाझम वर्षा शुरू होने की संभावना है। उधर गुरूवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मंडला में 32, खरगोन में 19, सतना में 17, जबलपुर में 13.2, दमोह में 6, उमरिया में 5, धार में 2, सीधी में 2, बैतूल में 1, छिंदवाड़ा में 0.6 मिलीमीटर वर्षा हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से मप्र के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हो सकती है। इस सीजन में गुरूवार सुबह 8 बजे तक मप्र में कुल 996.3 मिमी. वर्षा हो चुकी है जो सामान्य वर्षा 848.1 मिमी की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। हालांकि अभी मप्र में 5 जिलों रीवा, सीधी, दतिया, झाबुआ और आलीराजपुर में पानी की दरकार है। इन जिलों में अभी तक सामान्य से 30 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने से इन 5 जिलों के भी संकट से उबरने की उम्मीद की जा रही है।