सुराज योजना -भू-माफियाओं से खाली कराई जमीन पर सिरोल रोड, शिवपुरी लिंक रोड पर बनेंगे गरीबों के आवास

ग्वालियर. एंटी माफिया अभियान के तहत भू-माफियाओं से खाली करायी गयी सरकारी जमीन पर गरीबों के लिये आवास बनाने का काम जल्द शुरू किया जायेगा। राज्य सरकार ने इसके लिये सुराज योजना की शुरूआत की है। शहर में शिवपुरी लिंक रोड, आदित्यपुरम के पिछले हिस्से जिरेना में और सिरोल रोड पर माफियाओं से खाली करायी गयी जमीनें हैं। इनमें से स्थान का चयन करके जल्द काम शुरू कराया जायेगा। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की जा रही इस योजना के प्रथम चरण में ट्रायल के तौर पर सिर्फ 96 आवास बनाये जायेंगे और इसके बाद डिमांड के आधार पर आवास निर्माण का लक्ष्य तय किया जायेगा।
राज्य सरकार के स्पष्ट निर्देश है कि जमीन का चयन आवासीय लैंडयूज देखकर ही किया जाये, ताकि प्रोजेक्ट शुरू करने में कोई तकनीकी परेशानी न हो और साथ ही गरीबों के आवास बनाने के लिये फंड की व्यवस्था भी इन्हीं जमीनों को बेचकर की जायेगी। पॉश इलाके में आ रही किसी एक जमीन को बेचकर उससे मिलने वाली राशि से दूसरी जमीन पर आवास का प्रोजेक्ट शुरू किया जायेगा ताकि नगरीय निकायों पर आर्थिक बोझ न पड़े। साथ ही उन्हें बैंक आदि से लोन
लेकर ब्याज न चुकाना पड़े।
इससे आने वाले समय में योजना की लागत बढ़ेगी और उसका अंतिम असर गरीबों को आवास के लिये चुकाने वाली राशि पर पड़ेगा। योजना का प्रारूप नगरनिगम के पास भेज दिया गया है। इस मामले में जिला प्रशासन और नगरनिगम के अधिकारियों ने बैठक कर योजना को समझा है।

3 लाख रुपए वार्षिक आय वाले माने जाएंगे पात्र

अवासहीन गरीबों के लिए शुरू की गई इस योजना में पात्र हितग्राहियों के लिए जरूरी यह है कि वह व्यक्ति जिसकी सलाना आय 3 लाख रुपए से अधिक नहीं है, आवास के लिए आवेदन कर सकेगा। अविवाहित बालिग, जो ईडब्ल्यूएस की आय श्रेणी का हो तथा उसके माता पिता भी अनिवार्य रूप से इसी श्रेणी के हों। आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना भी जरूरी है। आवेदक का आवासहीन होना जरूरी है, उसके और उसके परिजनों के नाम पर देश में कहीं भी पक्का आवास न हो।

इन्हें माना जाएगा आवासहीन

आवास के लिए आवेदन करने वाला मलिन बस्ती में कच्चे आवास या झुग्गी में निवास करने वाला होना चाहिए फिर ऐसा मकान चाहे उसका हो या किराए का। आवेदक गैर मलिन बस्ती में किराए के मकान में रहता हो।

हमने योजना पर होमवर्क करना शुरू कर दिया है

सुराज योजना के तहत जल्द काम शुरू कराया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से हमें दो स्थानों पर आवासीय जमीन उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस मामले में संभागायुक्त के साथ बैठक हो चुकी है। हमने योजना पर हाेमवर्क शुरू कर दिया है।
किशोर कन्याल, आयुक्त, नगर निगम