Aadhaar को राशन कार्ड से जोड़ा तो 50 लाख लाभार्थी हो गए बाहर, किस राज्य का है मामला
नई दिल्ली. सरकारी सेवाओं का देशभर में बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी फायदा उठा रहे हैं जो उसके लिए पात्र नहीं है. यह बात असम में राशन कार्डधारकों की सरकार द्वारा की जा रही जांच में सामने आया है. असम सरकार ने राशन कार्ड को आधार से जोड़ना अनिवार्य कर दिया है. सरकार के इस फैसले के बाद 50 लाख राशनकार्डधारक राशन लेने ही नहीं आए और न ही इन लोगों ने अपने राशन कार्ड को आधार से लिंक कराया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने मंगलवार को केबिनेट बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि राज्य में आधार कार्ड को राशन कार्ड से जोड़ने के दौरान सरकार को 50 लाख लाभार्थियों का अंतर मिला है. शर्मा ने कहा कि कुछ लोगों की संभवत: मृत्यु हो गई होगी जबकि कुछ लोग विवाह और अन्य कारणों से दूसरी जगह चले गए होंगे. वहीं, बहुत से राशन कार्ड फर्जी भी पाए गए हैं.
फर्जी लाभार्थियों पर सख्ती
गौरतलब है कि असम के खाद्य और नागरिक आपूर्ति निदेशालय ने सरकारी योजनाओं का गलत तरीके से लाभ उठा रहे लोगों की पहचान के लिए निगरानी काफी कड़ी कर दी है. राशन कार्डों के साथ आधार को जोड़ने से हमें अपात्र लाभार्थियों का पता लगाने में काफी मदद मिली है. मई से अगस्त अंत तक राशन कार्ड डेटाबेस से 40 लाख लाभार्थियों के नाम हटा दिए हैं. हटाए गए नाम मृत व्यक्तियों, अपात्र व्यक्तियों, डुप्लीकेट और फर्जी लाभार्थियों के हैं.