साइरस मिस्त्री और सह-यात्री ने नहीं लगाई थी सीट बेल्ट,120 KM/Hr की रफ्तार से चल रही थी कार

मुंबईः प्रारंभिक जांच के अनुसार कार दुर्घटना में मारे गए टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस पी. मिस्त्री और उनके साथ कार में मौजूद सह-यात्री दिनशा पंडोल ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी. पुलिस का कहना है कि अधिक गति और ड्राइवर द्वारा कार पर नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई. सायरस मिस्त्री और जहांगिर दिनशा पंडोला के शवों का पोस्ट मार्टम रविवार देर रात हो गया, रिपोर्ट आज दोपहर तक आ सकती है. फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की एक टीम दुर्घटनाग्रस्त कार और जहां एक्सीडेंट हुआ, उस स्थान की जांच करेगी. प्राथमिक जांच से पता चला है कि लग्जरी कार काफी तेज गति से चल रही थी, क्योंकि उसने पालघर जिले में चरोटी चेक पोस्ट को पार करने के बाद महज 9 मिनट में 20 किलोमीटर की दूरी तय की थी.

यह चेक पोस्ट मुंबई से 120 किमी दूर है. कार सूर्या नदी के पुल पर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे साइरस मिस्त्री और जहांगीर पंडोले की मौके पर ही मौत हो गई. ये लोग अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे. दोपहर 2ः30 बजे यह हादसा हुआ. कार डाॅ. अनाहिता पंडोले चला रही थीं, जो मुंबई में स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं. हादसे में वह और उनके पति डेरियस गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों का इलाज चल रहा है. साइरस मिस्त्री और जहांगीर पंडोले कार की बैक सीट पर बैठे थे. पुलिस ने बताया कि अनाहिता गाड़ी चला रही थीं और उनके पति डेरियस फ्रंट सीट पर उनके बगल में बैठे थे. दुर्घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया, ‘महिला कार चला रही थी.उसने बाईं ओर से एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से जा टकराई.’