नजरबाग से गोरखी का रास्ता रोक रहे काउंटर हटाए, दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त
ग्वालियर. महाराज बाड़ा पर रविवार को अतिक्रमण विरोधी मुहिम के दौरान न सिर्फ धर्मपुरी मंदिर के बाहर लोगों का रास्ता रोक रहे फड़ों को हटाया गया बल्कि गोरखी गेट के पास दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त किया गया। इस दौरान नजरबाग मार्केट के बाहर रेलिंग के सहारे बांस आदि लगाकर बना ली गईं दुकानों को भी हटवाया गया। एसडीएम अनिल वनवारिया, सीएसपी मुनीष राजौरिया और मदाखलत के नोडल अधिकारी केशव सिंह चौहान अमले के साथ दोपहर में महाराज बाड़ा पुलिस चौकी पर एकत्र हुए। अधिकारियों को देखकर हॉकर्स का एक समूह कुछ कागज लेकर आया और कार्रवाई न करने की मांग की।
एसडीएम वनवारिया ने उन्हें चलता कर दिया। कुछ देर बाद संयुक्त टीम गोरखी गेट के पास पहुंची। यहां नजरबाग मार्केट से गोरखी की ओर जाने वाले रास्ते को दुकानें लगाकर बंद सा कर दिया गया था। गोरखी गेट के बाहरी हिस्से की दुकानों के बाहर रोड तक सामान रखा हुआ था। टीम ने दुकान के बाहर रखा सामान जब्त कराया और बांस व लोहे के पाइप आदि खुलवाए। यहां से टीम नजरबाग मार्केट में पहुंची, जहां प्रवेश द्वार पर ही गुमटियां लगाकर रास्ता रोका गया था। दो गुमटियों को हटाया गया। एक दुकान के बाहर बने चबूतरे को भी तुड़वाया गया।