गृह मंत्रालय के आदेश पर बड़ा एक्शन- नामी गैंगस्टरों के खिलाफ UAPA के तहत एफआईआर दर्ज
नई दिल्ली. गृह मंत्रालय के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने देश के नामी गैंगस्टरों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत एफआईआर दर्ज की है. दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने आतंक और अपराध का पर्याय बन चुके दिल्ली और पंजाब के दो बड़े गैंग्स के कई नामी गैंगस्टरों के खिलाफ ये कार्रवाई की है. इन गैंगस्टरों में लॉरेंस बिश्नोई गैंग, बंबीहा गैंग और नीरज बबानिया गैंग के करीब दर्जन भर गैंगस्टरों पर यूएपीए के तहत दो एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इन मामलों में यूएपीए भी लगाया है. वहीं बमबीहा गैंग के कुशल चौधरी, लकी पटियाला और अन्य गैंगस्टर्स पर यूएपीए के तहत दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है. दरअसल पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्रालय में इन सभी गैंग्स पर कार्रवाई के लिए कई उच्च स्तरीय बैठक हुई थी. 20 से 25 अगस्त के बीच हुई 4 से 5 बैठकों में NIA, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, गृह मंत्रालय और आईबी के अधिकारी मौजूद थे. इस बैठक में निर्णय लिया गया कि ये गैंग आतंकियों की तरह ही काम कर रहे हैं, इसलिए आतंकी गतिविधियों की जांच करने वाली एजेंसी से इनकी जांच कराई जाए.