Sonali Phogat Murder Case: हरियाणा सरकार ने की CBI जांच की सिफारिश, गोवा के CM को लिखा पत्र
अंबाला. सोनाली फोगाट की मौत के मामले में हरियाणा सरकार सीबीआई जांच करवाने को तैयार है. हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि सोनाली फोगाट की मौत की जांच के लिए हरियाणा सरकार ने गोवा के मुख्यमंत्री और सरकार को सीबीआई जांच के लिए पत्र लिखा है. विज ने कहा इस मामले में जो भी शामिल होंगे उन पर कार्रवाई होगी.
वहीं अनिल विज ने कहा कि सोनाली फोगाट का परिवार सीबीआई जांच की मांग कर रहा है और गम्भीर आरोप भी लगा रहा है. इसलिए हमने गोवा सरकार को पत्र लिखा है. हत्याकांड में बड़े चेहरे शामिल होने की बात सोनाली के परिवार ने सीएम को दिए पत्र में की है. इसलिए हमने सीबीआई जांच के लिए गोवा सरकार से सिफारिश की है. विज ने कहा कि गोवा सरकार की तरफ से अभी तक हमें कोई रिपोर्ट नहीं मिली है. गोवा पुलिस जब हरियाणा आएगी तब हम पूरा सहयोग करेंगे.
बता दें कि सोनाली फोगाट का परिवार लगातार गोवा पुलिस पर जांच में लापरवाही का आरोप लगा रहा है. सोनाली के भाई रिंकू ढाका ने उन्हीं के फेसबुक पेज से लाइव होकर कहा था कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच हो. रिंकू ढाका ने कहा कि सीबीआई जांच की मांग आदमपुर हल्के समेत पूरे हरियाणा के लोग कर रहे हैं.