मुरार में सरे बाजार में जीजा ने साली को मारी गोली

ग्वालियर. मुरार में एक जीजा ने बाजार जा रही साली को गोली मार दी। गोली साली के कंधे में लगी है। जीजा को साली का किसी दूसरे से बात करना बिल्कुल पसंद नहीं था। गोली मारने के बाद जीजा फरार हो गया है। घायल साली को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया है। सरेराह गोली चलने से बाजार में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल के बयान लेने के बाद हमलावर जीजा पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल हमलावर फरार है।

यह है पूरा मामला
मुरार गुलाबपुरी खुरैरी निवासी नेहा उर्फ नंदिनी जाटव(24)को गोली लगी है। नंदिनी ने बताया कि वह साइकिल खरीदने के लिए बाजार आई हुई थी। वह बैजल कोठी के पास एमपी ऑनलाइन की दुकान पर बैठी हुई थी। तभी उसका जीजा सुरेन्द्र बाइक से अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचा। उसने कट्टा निकाला और गोली चला दी। गोली नेहा के बांए कंधे पर जाकर लगी। उसके खून निकलने लगा। तभी बदमाश हवा मे ंकट्टा लहराते हुए मौके से भाग गए। कुछ लोग तो गोली चलने के बाद वहां से भाग गए। कुछ ने नेहा को संभाला। पुलिस को गोली की खबर मिली तो टीआई शैलेन्द्र भार्गव मौके पर पहुंचे। उन्होने हमलावरों को तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चला।

दुकानदार को फोन कर बाजार आकर मारी गोली
सुरेन्द्र पूरी योजना बनाकर आया था। जिस दुकान पर नेहा बैठी थी उसी दुकान पर एक लडक़े को सुरेन्द्र ने फोन करके धमकाया। इसके कुछ देर बाद वह उसी दुकान पर आ पहुंचा। फिर उसने कट्टे से गोली चला दी।

पुलिस का कहना
मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि युवती दुकान पर बैठी हुई थी, तभी उसके गोली मारी गई। पीडिता का कहना है कि जीजा ने गोली मारी है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। CCTV कैमरे भी खंगाले जा रहे है और आरोपी के घर दबिश भी दी गई। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।