तेलंगाना : बीजेपी ने केसीआर को दी खुली चेतावनी, कहा-जल्द ही घुटनों के बल आएगी सरकार

लद्दाख. भारतीय जनता पार्टी ने तेलंगाना बीजेपी प्रमुख बंडी संजय कुमार को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि तेलंगाना में टीआरएस की सरकार को जल्दी ही घुटनो के बल लाया जाएगा. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और तेलंगाना प्रभारी तरुण चुघ ने मंगलवार को कहा कि राज्य में के चंद्रशेखर राव की सरकार को जल्द ही घुटनों के बल लाया जाएगा. उन्होंने तेलंगाना बीजेपी प्रमुख बंडी संजय की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की और कहा कि बीजेपी बंडी और पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी. मंगलवार को बंडी संजय कुमार को हैदराबाद पुलिस ने उस समय हिरासत में लिया था जब वे एमएलसी के कविता के आवास पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे.

चुघ ने तत्काल बंडी संजय कुमार की रिहाई की मांग करते हुए कहा कि बीजेपी तेलंगाना में केसीआर परिवार के शासन के खिलाफ कभी हार नहीं मानेगी.गौरतलब है कि कलवकुंतला चंद्रशेखर राव (केसीआर) तेलंगाना के मुख्यमंत्री हैं. उनकी पत्नी का नाम शोभा हैं. उनके दो बच्चे हैं. उनके बेटे, केटी रामा राव श्रीसिला से विधायक हैं और आईटी, नगर प्रशासन और शहरी विकास के कैबिनेट मंत्री हैं जबकि बेटी के कविता एमएलसी हैं. वे निजामाबाद से सांसद भी रह चुकी हैं. केसीआर के भतीजे हरीश राव सिद्दीपेट से एमएलए हैं राज्य के वित्त मंत्री भी हैं. 2015 में, राव ने प्रत्यूषा को गोद लिया, जिसे घरेलू हिंसा से बचाया गया था.