ग्वालियर एसटीएफ की टीम ने भिंड के उवारी गांव में राधा डेयरी पर मारा छापा

ग्वालियर. ग्वालियर एसटीएफ की टीम ने भिंड के लहार में उवारी गांव में राधा डेयरी पर छापामार कार्रवाई की। इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है। यहां से नकली दूध बनाने में उपयाेग हाेने वाले कैमिकल एवं अन्य सामान भी जब्त हुआ है। साथ ही यहां बनने वाली सामग्री काे भी टीम ने जब्त कर लिया है।

ग्वालियर एसटीएफ की टीम दाेपहर भिंड के उवारी गांव में राधा डेयरी पर पहुंची थी। यहां से टीम ने 5300 लीटर मिलावटी दूध, 50 किलो आरएम कैमिकल, 19 टीन रिफाइंड सोयाबीन, 7 किलो कास्टिक सोड़ा, 15 पाउच शैंपू, दूध बनाने का घोल, मेलटोस पाउडर, न्यूट्रिलाइट रिफाइंड, आयल के 19 खाली टीन बरामद हुए हैं। इसके अलावा माैके से टीम काे दूध बनाने में उपयाेग हाेने वाले दाे गैस चूल्हे भी मिले हैं। टीम काे पता चला है कि यहां पर कई सालाें से नकली दूध बनाने का काला काराेबार संचालित हाे रहा था। यहां कई नामी कंपनियाें में मिलावटी दूध की सप्लाई हाेने की जानकारी भी टीम काे मिली है। जिसकी जांच की जा रही है। एसटीएफ ने मिलावटी दूध तैयार करने वाले आराेपित व्यापारी काे भी गिरफ्तार कर लिया है। छापा मारने वाली एसटीएफ की टीम में उप पुलिस अधीक्षक रोबिन जैन, उप निरीक्षक अमित पाल, उप निरीक्षक विकेश तोमर आदि शामिल थे।