प्रीतम लोधी के बयान पर ब्राह्मण समाज में आक्राेश, ग्वालियर में एसपी आफिस के घेराव के बाद शाम को FIR दर्ज

ग्वालियर. धर्म का प्रचार करने वाले ब्राह्मण और कथावाचकों को लेकर अमर्यादित वक्तव्य देने वाले भाजपा नेता प्रीतम लोधी पर शाम को ग्वालियर में भी एफआइआर दर्ज हुई। प्रीतम लोधी ने यह वक्तव्य शिवपुरी जिले में आम सभा के दौरान दिया, लेकिन उसका वीडियो पूरे प्रदेश में बहुप्रसारित हो रहा है। इसके चलते प्रीतम के इस बयान का विरोध ग्वालियर तक भड़क गया है। उसके विरोध में ब्राह्मण समाज के लोगों ने गुरुवार शाम को एसपी आफिस का घेराव किया, एसपी आफिस के सामने धरने पर भी बैठ गए। विरोध प्रदर्शन होने के बाद इस मामले में FIR दर्ज कराई गई।

दरअसल भाजपा नेता प्रीतम लोधी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है, जिसमें प्रीतम द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर अमर्यादित वक्तव्य दिया गया है। इसके बाद जगह-जगह उसके वक्तव्य का विरोध शुरू हो गया। ग्वालियर में ब्राह्मण समाज के अलग-अलग संगठन इकठ्ठे होकर एसपी आफिस पहुंचे। यहां SSP अमित सांघी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम ज्ञापन दिया और प्रीतम लोधी पर कार्रवाई की मांग की।

एसपी आफिस में प्रीतम के खिलाफ नारे भी लगाए। इस आक्रोश को देखते हुए एसएसपी अमित सांघी ने प्रीतम लोधी पर FIR के आदेश दिए। सीएसपी रत्नेश सिंह तोमर, झांसी रोड थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ झांसी रोड थाने पहुंचे। यहां अरुण शर्मा निवासी पारस विहार कालोनी की शिकायत पर प्रीतम लोधी पर भारतीय दंड विधान की धारा 153 ए और 505 के तहत FIR दर्ज की गई। विरोध प्रदर्शन करने वाले लोगों ने कहा कि प्रीतम लोधी आपराधिक प्रवृत्ति का है, उस पर पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह वर्ग संघर्ष कराने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहा है।