देश में 24 घंटे में मिले 19406 कोरोना संक्रमित, डेली पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी के करीब

नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 19,406 नए मामले सामने आए हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि 19,928 लोग कोरोना से ठीक हो गए. देश में इस वक्त कोरोना वायरस के एक्टिव मरीजों की संख्या 1 लाख 34 हजार 793 है. वहीं डेली पॉजिटिविटी रेट 4.96 फीसदी है. देश में अभी तक कोरोना से 4 करोड़ 34 लाख 65 हजार 552 लोग ठीक हो चुके हैं. वहीं 5 लाख 26 हजार 649 लोगों की मौत हो चुकी है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,419 नए मामले सामने आए. पिछले छह माह में संक्रमितों का यह सर्वाधिक आंकड़ा है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है.

आंकड़ों के अनुसार संक्रमण से दो और लोगों की मौत हो गई, जबकि संक्रमण दर 12.95 फीसदी हो गई है. दिल्ली में लगातार तीसरे दिन कोविड-19 के 2000 से अधिक मामले सामने आए हैं. आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को सामने आए नए मामलों के बाद दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 19,64,793 हो गई जबकि मृतक संख्या 26,327 पर पहुंच गई. बीते गुरुवार को भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 20,551 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,41,07,588 हो गई थी. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,35,364 थी.