खुशखबरी सरकार ने बढ़ाया गन्‍ने का न्‍यूनतम भाव, अब लागत से दोगुना मिलेगी कीमत, कितना होगा एक क्विंटल का रेट?

नई दिल्‍ली. किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए मोदी सरकार ने एक और बड़ा फैसला किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली आर्थिक मामलों की केंद्रीय कैबिनेट (CCEA) ने गन्‍ने के उचित और लाभकारी मूल्‍य (FRP) को 15 रुपये बढ़ाकर 305 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है.

दरअसल, FRP वह कीमत होती है जिसके नीचे किसानों को भुगतान नहीं किया जा सकता है. इसका मतलब है कि अब किसानों को गन्‍ने पर 305 रुपये प्रति क्विंटल का गारंटी मूल्‍य मिलेगा. यह मूल्‍य चीनी सत्र 2022-23 (अक्‍तूबर-सितंबर) के लिए लागू होगा. उपभोक्‍ता मंत्रालय ने बताया कि FRP में 10.25 फीसदी से अधिक की वसूली में प्रत्‍येक 0.1 फीसीद की वृद्धि के लिए 3.05 रुपये प्रति क्विंटल का प्रीमियम भी दिया जाएगा, जबकि वसूली में प्रत्‍येक 0.1 फीसदी की कमी आने पर FRP 3.05 रुपये घटा दी जाएगी. चीनी मिलों के मामले में वसूली दर 9.5 फीसदी से कम रहने पर कोई कटौती नहीं की जाएगी.