ग्वालियर चंबल अंचल के अग्निवीरों का पहला बैच सागर से होगा भर्ती

ग्वालियर. ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेश के 14 जिलों के उन युवाओं के लिए खुशखबरी है, जो सेना में अग्निवीर बनकर देशसेवा करने के लिए दिन-रात मैदान पर पसीना बहा रहे हैं। अब वह घड़ी नजदीक आ चुकी है, जिसका करीब दो साल से युवा इंतजार कर रहे थे। ग्वालियर-चंबल अंचल सहित प्रदेश के उन 14 जिलों के युवाओं का पहला बैच सागर से भर्ती होगा, जो ग्वालियर के मुरार छावनी क्षेत्र स्थित सेना भर्ती कार्यालय के अंतर्गत आते हैं। सागर जिला प्रशासन ने ग्वालियर स्थित सेना भर्ती कार्यालय को भर्ती प्रक्रिया के लिए अनुमति जारी कर दी है। इसके बाद सेना भर्ती कार्यालय के अफसर अब भर्ती रैली की तैयारी में जुट गए हैं। अगस्त के पहले सप्ताह से भर्ती रैली के लिए आनलाइन पंजीयन शुरू हो जाएंगे और पहले से निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक अक्टूबर में भर्ती रैली आयोजित होगी।

सेना भर्ती कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अगस्त के पहले सप्ताह में आनलाइन पंजीयन शुरू हो जाएगा। इसके बाद अक्टूबर में दस दिन भर्ती रैली आयोजित होगी। पहले अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में भर्ती रैली आयोजित होनी थी, लेकिन 5 अक्टूबर को दशहरा है, इसके चलते इसे मध्य अक्टूबर में संपन्न कराया जाएगा। दस दिन भर्ती रैली आयोजित होगी। भर्ती के लिए जिन जिलों के युवक भर्ती में शामिल होने जाएंगे, उनकी सूचना के लिए रेलवे को भी सेना की ओर से पत्र लिखा जाएगा। क्योंकि हजारों की संख्या में युवक भर्ती रैली में शामिल होंगे।