GWALIOR में महापौर व पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 1 अगस्त को, सभापति का चुनाव बाद में होगा

ग्वालियर. नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 1 अगस्त को होगा। जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में दोपहर 3 बजे से आयोजित कार्यक्रम में नई परिषद के सदस्य शपथ लेंगे। सभापति का चुनाव की तारीख बाद में घोषित की जाएगी। जिले में नगर निगम सहित 7 निकाय हैं। इनमें से ग्वालियर नगर निगम व डबरा नगर पालिका का नोटिफिकेशन हो चुका है। शेष 5 नगर परिषदों का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।

यह जानकारी सभापति चुनाव के लिए नोडल अधिकारी एसडीएम अनिल बनवारिया ने दी। उन्होंने शुक्रवार को पत्र जारी कर इसकी विधिवत सूचना जारी की। याद रहे, नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धारा 17 ख के अनुसार महापौर व प्रत्येक पार्षद को निगम के पहले सम्मेलन में सभापति के चुनाव में भाग लेने या अपना पद ग्रहण करने के पहले कलेक्टर के समक्ष निर्धारित प्रारूप में शपथ या प्रतिज्ञान पर हस्ताक्षर करना अनिवार्य है।
इससे स्पष्ट है कि सम्मेलन से पहले नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ पर हस्ताक्षर करना जरूरी है। पत्र जारी होने के साथ निगमायुक्त किशोर कन्याल ने शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सभी की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। शपथ की औपचारिकताएं का जिम्मा सचिव को सौंपा गया है। शपथ की सूचना निगम द्वारा महापौर व पार्षद के घर पहुंचाकर उनकी स्वीकृति लेना है। इन्हें दो दिन में निर्वाचन कार्यालय में जमा कराना है।