विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों को केंद्र ने दी राहत, इस शर्त पर मिलेगी FMGE में बैठने की अनुमति

नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने कए आदेश में कहा है कि भारतीय छात्र जो अपने अंडर ग्रेजुएट मेडिसिन कोर्स के अंतिम वर्ष में थे, (कोरोना महामारी और रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते भारत लौट आए थे) और अपनी पढ़ाई पूरी कर ली है, उन्हें संबंधित मेडिकल यूनिवर्सिटी या कॉलेज से, 30 जून को या उससे पहले पाठ्यक्रम पूरा करने का प्रमाण पत्र हासिल कर लिया है, उन्हें विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (Foreign Medical Graduate Exam) में बैठने की अनुमति दी जाएगी.

भारत से हर वर्ष लाखों छात्र मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए विदेशों में जाते हैं. इनमें से ज्यादातर पूर्व सोवियत यूनियन के देशों या चीन जाते हैं. दरअसल, विदेशों में MBBS की पढ़ाई करने के लिए कम खर्चा करना पड़ता है. ऐसे छात्र जो विदेशों से MBBS की डिग्री हासिल करते हैं, उन्हें भारत में मेडिकल प्रैक्टिस करने के लिए पहले फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जाम (FMGE) क्वालीफाई करना पड़ता है. जो छात्र इस परीक्षा को क्वालीफाई करते हैं, सिर्फ उन्हें ही भारत में मेडिकल प्रैक्टिस करने का मौका मिलता.
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) साल में दो बार फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जाम का आयोजन करता है. हाल ही में ही फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन का आयोजन 4 जून 2022 में किया गया था, जिसके रिजल्ट से चौंकाने वाले आंकड़े सामने निकल कर आए थे. दरअसल, 4 जून-2022 को आयोजित इस परीक्षा में कुल 22092 स्टूडेंट ने भाग लिया था, जिसमें से मात्र 2346 ही पास हो पाए. यानी रिजल्ट 10.61% रहा. दिसंबर-2021 में आयोजित एफएमजीई परीक्षा का परिणाम 23.91% रहा था. इससे पहले जून-2020 के सेशन में भी मात्र 9.53% रिजल्ट रहा था.

औसतन इस परीक्षा का परिणाम 20 से 22 फीसदी रहता है. यह परीक्षा अपने नियमों के कारण विवादों में रहती है. एबीई, एफएमजीई का आयोजन ऑनलाइन मोड में करता है. परीक्षा के बाद न आंसर-की रिलीज होती है और न ही छात्रों को ऑब्जेक्शन का अवसर दिया जाता है. वहीं इसकी कट ऑफ भी तय है. स्टूडेंट्स को एग्जाम क्वालिफाई करने के लिए 300 में से 150 अंक हासिल करने ही होते हैं. विदेशों में मेडिकल की पढ़ाई का खर्च होना तो एक बात है, सबसे जरूरी बात है मेडिकल एजुकेशन की क्वालिटी.