रफ्तार और शराब का कॉकटेल- सड़क पर दौड़ी कार ने छात्र को मारी टक्कर और गायों को रौंदते हुए टाईल्स शोरूम में जा घुसी कार
ग्वालियर. एक कार चालक पर नशा औरा स्पीड का कॉकटेल आम राहगीरों की जान पर भारी पड़ गया और कार सवार ने 5 किमी तक सड़क पर बेकाबू कार दौड़ाई। इस बीच कार चालक ने एक छात्र को टक्कर मार दी और छात्र को टक्कर मारने के बाद भागने के चक्कर में सड़क पर एक के बाद एक 3 गायों को रौंदता चला गया।
इसके बाद भी चालक ने कार की रफ्तार कम नहीं की और सड़क किनारे खड़ी गाडि़यों में टक्कर मारता हुआ एक टाइल्स शोरूम में जा घुसा। जब कार क्षतिग्रस्त हो गयी तो पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। घटना आधी रात गोला का मंदिर में महाराजपुरा भिण्ड रोड की है। अब पुलिस आरोपी कार चालक से पूछताछ कर रही है। फिलहाल कोई भी घायल शिकायत करने नहीं पहुंचा है।
यह है पूरा मामला
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार जा रही कार क्रमांक MP07 SC-0002 का चालक जब एलएनआईपीई के पास पहुंचा तो अपनी गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। इसी बीच रास्ता पार कर रहे एक छात्र को टक्कर मार दी। छात्र को टक्कर मारने के बाद भी चालक ने अपने वाहन को रोका नहीं बल्कि स्पीड बढ़ाकर भिंड रोड की तरफ भाग गया। भागते समय चालक ने कार से धर्मवीर पेट्रोल पंप के पास रास्ते में खड़ी गायों को टक्कर मार दी। जिससे एक गाय की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गईं।
पुलिस कार के पीछे दौड़ती रहीं
घटना का पता चलते ही कंट्रोल रूम ने कार की घेराबंदी के लिये गोला का मंदिर थाना और महाराजपुरा थाना पुलिस को अलर्ट किया। मामले का पता चलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस ने कार चालक को रोकने का प्रयास किया। लेकिन वह रूका नहीं और सड़क किनारे खड़ी 2 ऑल्टो कार में टक्कर मार दी और इसके बाद वह कजरिया टाइल्स शोरूम पहुंचा और वहां पर टाइल्स में टक्कर मारी। जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी और गोला का मंदिर व महाराजपुरा थाना पुलिस ने चालक को पकड़कर कार को निगरानी में ले लिया।