जिला पंचायत, GWALIOR में 7 साल में लगातार दूसरी बार रिपीट हुई भाजपा की सरकार
ग्वालियर. त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव की शुरूआत से अब बीते 27 साल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर में लगातार दूसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष अपना बनाने की ओर बढ़ रही है। 2015 में हुए चुनाव में भाजपा नेता भुजबल यादव की पत्नी मनीषा यादव जिपं अध्यक्ष बनी थी और अब 7 साल बाद जब चुनाव हुए है तो एक बार फिर भाजपा अध्यक्ष बनाने जा रही है।
इस बार यह सीट अजा महिला के लिए आरक्षित है। इससे पहले कांग्रेस 1995 के पहले चुनाव में अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी और उसके बाद 2000 में हुए अगले चुनाव में भी। लेकिन 2005 में भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पर अपनी नेता को बिठाकर कांग्रेस को रोक दिया था। इस बार कांग्रेस जनपद सदस्यों के चुनाव में भी भाजपा से पिछड़ गई है और यही कारण है कि जिले के चारों जनपद में भाजपा अध्यक्ष बनाने का दावा कर रही है। शुक्रवार को पॉलिटेक्निकल कॉलेज में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिए। वार्ड नंबर 9 में मतों की गिनती में आए अंतर के कारण विजयी प्रत्याशी को देर से प्रमाण पत्र दिया जा सका। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष तिवारी, एडीएम एचबी शर्मा, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय दुबे व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।