ग्वालियर में खतरा बढ़ा: ओमिक्रोन बीए .2 के 13 मरीज मिले

ग्वालियर. कोरोना संक्रमण की चौथी लहर में कोरोना वायरस का नेचर चेंज हो गया है। डीआरडीई से आई रिपोर्ट में ग्वालियर में मिले मरीजों में बीए .2 ओमिक्रोन होने की पुष्टि हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि ओमिक्रोन का नया वैरिएंट तेजी से फैलता है। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक सामने आया है वह घातक नहीं है।

गौरतलब है कि तीसरी लहर में कोरोना का ओमिक्रोन बी 1.1.529 वैरिएंट मिला था। जीआरएमसी की वायरोलॉजीकल लैब से 46 सैंपल होल जीनोम सिक्वेंसिग की जांच के लिए डीआरडीई भेजे गए थे। इसकी रिपोर्ट सीएमएचओ कार्यालय आ गई है।

सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा द्वारा गुरुवार को जारी की गई रिपोर्ट में बताया गया है कि डीआरडीई भेजे गए सैंपलों में से 13 सैंपलों में बीए .2 ओमिक्रोन वैरिएंट होने की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य सैंपल मानकों के अनुरूप न होने के कारण उन्हें प्रोसेस नहीं किया गया है। कोरोना की चौथी लहर में स्वास्थ्य विभाग भले ही सैंपल जांच के लिए कम मात्रा में ले रहा हो लेकिन कोरोना अपना असर दिखा रहा है। यही कारण है कि लगातार दूसरे दिन शहर में कोरोना के 9 मरीज मिले हैं।