ग्वालियर में आज 823 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 12 लाख 34 हजार 832 मतदाता
ग्वालियर. बुधवार को 823 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 12 लाख 34 हजार 832 मतदाता करेंगे। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए मतदान होगा। नगर निगम ग्वालियर, नगर पालिका डबरा, नगर परिषद आंतरी, भितरवार, बिलौआ, पिछोर व मोहना के अंतर्गत बनाए गए सभी 1421 मतदान केंद्राें पर मतदान कराने के लिए मंगलवार को मतदान दल पहुंच गए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने मतदाताओं से निर्भीक होकर और स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की है। सभी मतदान केंद्राे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ग्वालियर नगर निगम क्षेत्र में निवासरत कुल 10 लाख 68 हजार 267 मतदाताओं को अपने महापौर और 66 पार्षद चुनने का अधिकार है। कुल मतदाताओं में 5 लाख 65 हजार 504 पुरूष और 5 लाख 2 हजार 674 महिला मतदाता शामिल हैं।
नगर निगम ग्वालियर सहित जिले के सभी नगरीय निकायों को मिलाकर कुल 12 लाख 34 हजार 832 मतदाता हैं, इनमें 6 लाख 52 हजार 640 पुरूष और 5 लाख 82 हजार 81 महिला मतदाता हैं। मतगणना 17 जुलाई को होगी।ग्वालियर नगर पालिक निगम के सभी 1169 मतदान केंद्राें पर तैनात किए गए मतदान दलों को शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय ग्वालियर से ईवीएम सहित अन्य मतदान सामग्री वितरित की गई। इसके बाद सभी मतदान दलों व सुरक्षा बल को विशेष वाहन द्वारा मतदान केंद्राें तक पहुंचाया गया। इसी प्रकार नगर पालिका डबरा के मतदान दलों को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर डबरा से मतदान सामग्री उपलब्ध कराकर यहां के सभी 165 मतदान केंद्राें तक पहुंचाया गया। नगर परिषद पिछोर के मतदान दलों को नगर परिषद पिछोर के मतदान दलों को शासकीय बालक उमावि पिछोर, नगर परिषद बिलौआ के मतदान दलों को शासकीय जवाहर उमावि बिलौआ, नगर परिषद भितरवार के मतदान दलों को शासकीय उत्कृष्ट उमावि भितरवार, नगर परिषद आंतरी के मतदान दलों को अशासकीय बापू, उमावि आंतरी और नगर परिषद मोहना के मतदान दलों को अशासकीय सेंट एंथोनी स्कूल मोहना से मतदान सामग्री वितरित की गई। इसके बाद विशेष वाहनों द्वारा मतदान दलों व पुलिस बल को मतदान केंद्राें तक पहुंचाया गया। ज्ञात हो नगर परिषद आंतरी, बिलौआ व पिछोर में 15-15 और नगर परिषद भितरवार में 22 व मोहना में 20 मतदान केंद्र हैं।