स्वतंत्रता दिवस तक ट्रेन की पार्सल 12-15 अगस्त तक बुकिंग बन्द

ग्वालियर. स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है। सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट के बाद रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है कि दिल्ली इलाके के रेलवे स्टेशनों पर पार्सल सेवाओं को 4 दिनों के लिये अस्थाई रूप से बन्द कर दिया गया है। यह प्रतिबंध 12-15 अगस्त तक प्रभावशील रहेगा। इस प्रतिबंध की वजह से ग्वालियर समेत देश के विभिन्न रेल मण्डलों से दिल्ली जाने वाली या दिल्ली इलाके से गुजरने वाली ट्रेनों में पार्सल लोड या अनलोड नहीं किया जा सकेगा। इसका अर्थ है कि इस अवधि में दिल्ली की तरफ जाने वाली ट्रेनों में पार्सल बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
यह निर्णय सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान दिल्ली में वीवीआईपी आवाजाही और विभिन्न कार्यक्रमों के कारण सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में दिल्ली क्षेत्र के स्टेशनों पर पार्सल की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है। इस प्रतिबंध का असर ग्वालियर जैसे शहरों से दिल्ली जाने वाले व्यापारियों और यात्रियों पर भी पड़ेगा। ग्वालियर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन दिल्ली और देश के अन्य शहरों के लिए बड़ी संख्या में ट्रेनें संचालित होती हैं, जिनके माध्यम से व्यापारी और आम लोग पार्सल भेजते हैं। 12 से 15 अगस्त तक पार्सल सेवाएं प्रभावित रहने के कारण कारोबारियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। रेलवे ने यात्रियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे प्रतिबंध की अवधि को ध्यान में रखते हुए अपनी पार्सल बुकिंग की योजना बनाएं। 16 अगस्त से पार्सल सेवाएं सामान्य रूप से बहाल होने की संभावना है।