अंतिम दिन चुनाव प्रचार के लिए ग्वालियर आएंगे सीएम शिवराज और सिंधिया

ग्वालियर. नगरीय निकाय चुनाव का घमासान अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अब चुनाव प्रचार के लिए सिर्फ दो दिन शेष बचे हैं। भाजपा व कांग्रेस ने अंतिम चरण के चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। संगठन ने आखिरी चरण के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव प्रचार के लिए उतार दिया है। सिंधिया शनिवार व रविवार को नगर प्रवास पर रहकर भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में रोड शो के साथ चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही 3 जुलाई को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीन घंटे के प्रवास पर आ रहे हैं। कांग्रेस को स्टार प्रचारकों की कमी अवश्य खल रही है। स्थानीय नेताओं ने अंतिम चरण में चुनाव प्रचार को गति देने की जिम्मेदार संभाल ली है। भाजपा ने प्रचार को निरंतर गति देने के लिए चुनाव में बीच में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का उपयोग किया था। भाजपा ने राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि का भी उपयोग किया है।

नगरीय निकाय चुनाव में महापौर पद के लिए डा शोभा सिकरवार की उम्मीदवारी सबसे पहले घोषित कर चुनाव प्रचार में बढ़त बनाई थी। भाजपा का चुनाव प्रचार सुमन शर्मा के महापौर पद के लिए परचा भरने के साथ शुरू हाे गया था। भाजपा ने एकजुटता का संदेश देने के लिए परचा दाखिल करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरेंद्र सिंह तोमर व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया सहित सभी प्रमुख नेता मौजूद थे। इसके बाद से ही भाजपा के चुनाव प्रचार ने गति पकड़ ली थी।