गुजरात दंगों का मूल कारण गोधरा में ट्रेन का जलना था, सरकार ने की थी त्वरित कार्रवाई- अमित शाह

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2002 में गुजरात दंगों के दौरान जो हुआ उस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए एक साक्षात्कार में, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले, गुजरात दंगों से जुड़े मामलों में मीडिया, गैर सरकारी संगठनों और राजनीतिक दलों की भूमिका, भारत की न्यायपालिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वास पर बात की. आपको बता दें कि 2002 के गुजरात दंगों के मामले में तत्कालीन सीएम नरेंद्र मोदी सहित 64 लोगों को एसआईटी की क्लीन चिट को चुनौती देने वाली जकिया जाफरी की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने गत 24 जून को खारिज कर दिया. सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी द्वारा दायर क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ जकिया जाफरी की विरोध याचिका को खारिज करने के मजिस्ट्रेट के आदेश को बरकरार रखा. शीर्ष अदालत ने इस मामले में अपनी टिप्पणी में कहा कि जकिया जाफरी की अपील योग्यता से रहित है और खारिज करने योग्य है.