दिल्ली से लौटते ही सीएम शिवराज की देर रात तक मैराथन बैठक, ग्वालियर में माया सिंह व सुमन शर्मा में कड़ी टक्कर

भोपाल. प्रदेश के 16 नगर निगमों में महापौर प्रत्याशियों को लेकर भाजपा में सोमवार देर रात कुछ नामों पर लगभग मुहर लग गई, हालांकि इनका औपचारिक ऐलान मंगलवार को हो सकता है। भोपाल से मालती राय, रीवा से व्यंकटेश पांडेय, जबलपुर डॉ. जितेंद्र जामदार के सिंगल नामों पर सहमति बन गई है। जबकि इंदौर से मधु वर्मा और पुष्यमित्र भार्गव में से किसी एक का नाम आ सकता है।

वहीं, ग्वालियर में पूर्व मंत्री माया सिंह और सुमन शर्मा में कड़ी टक्कर है। मंगलवार सुबह सभी बड़े नेता प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक बार फिर नामों पर अंतिम चर्चा करेंगे। इसके बाद सभी 16 नगर निगमों में महापौर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी।

इससे पहले दिन भर नामों को लेकर भाजपा के कोर ग्रुप और चुनाव चयन समिति का मंथन चला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली गए। देर शाम जब लौटे तो सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचे, यहां ढाई घंटे बैठक की। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नेताओं में प्रत्याशियों को लेकर नए क्राइटेरिया पर चर्चा हुई। जिसके बाद सूची अटक गई।