दिल्ली: नूपुर शर्मा के खिलाफ जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन, गिरफ्तारी की हो रही मांग
पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी करने वालीं भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली में जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन हो रहा है. जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद के बाहर लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया और नूपुर शर्मा समेत अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग की. इस दौरान जामा मस्जिद के बाहर भारी भीड़ देखी गई. हालांकि, पुलिस भी मौके पर तैनात है और लोगों को समझाने की कोशिश कर रही है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कहा कि निलंबित भाजपा नेता नूपुर शर्मा और भाजपा से निष्कासित नेता नवीन कुमार जिंदल के बयानों के खिलाफ लोगों ने जामा मस्जिद पर विरोध प्रदर्शन किया. हमने वहां से लोगों को हटा दिया है और स्थिति अब नियंत्रण में है.
वहीं, जामा मस्जिद के शाही इमाम ने कहा कि हम नहीं जानते कि विरोध करने वाले कौन हैं, मुझे लगता है कि वे एआईएमआईएम के हैं या ओवैसी के लोग हैं. हमने स्पष्ट कर दिया कि अगर वे विरोध करना चाहते हैं, तो वे कर सकते हैं, लेकिन हम उनका समर्थन नहीं करेंगे. जुमे की नमाज के बाद न केवल दिल्ली के जामा मस्जिद बल्कि, सहारनपुर और लखनऊ में प्रदर्शन देखने को मिल रहा है.