ग्वालियर में CRPF कैंप में जम्मू से ट्रेनिंग लेने आए जवान की हीट स्ट्रोक से मौत

ग्वालियर. सीआरपीएफ कैंप में जम्मू से पदोन्नति ट्रेनिंग में आए एक जवान की ट्रेनिंग के बाद हालत बिगड़ी और घबराहट होने लगी जिसके बाद जवान एक पेड़ के नीचे बैठ गया। तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसे 106 डिग्री बुखार रिकॉर्ड किया गया। जवान ने 1 घंटे के उपचार के बाद दम तोड़ दिया। घटना मंगलवार की है। जवान की मौत हीट स्ट्रोक के चलते होना बताई जा रही है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टामार्टम के लिए पहुंचा दिया है। बुधवार को पीएम के बाद मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा।

सीआरपीएफ में पदस्थ 38 वर्षीय दमन कुमार अभी जवान थे और उनका हवलदार पर पदोन्नति हुई थी। जिसके लिए वह जम्मू-कश्मीर से 48 दिन की प्रोमोशन ट्रेनिंग के लिए ग्वालियर के नयागांव पनिहार सीआरपीएफ कैंप में ट्रेनिंग के लिए आए थे। मंगलवार को वह चीनोर ट्रेनिंग के लिए गए थे। दोपहर में वह लौटे तो उस समय तेज धूप और तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस था। ऐसे में दमन कुमार को घबराहट हुई तो वह एक पेड़ के नीचे बैठ गए। यहां उनकी हालत बिगड़ी तो साथियों और अफसरों ने उनको ग्वालियर अस्पताल पहुंचाया। यहां उनको तेज बुखार था। उनको 106 डिग्री बुखार मिला था पर करीब 2 घंटे के उपचार के बाद रात 8 बजे जवान ने दम तोड़ दिया जिसके बाद उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस में रखवा दिया है। प्रारंभिक जांच में डॉक्टर मौत का कारण हीट स्ट्रोक बता रहे है लेकिन बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा।