केंद्र की सत्ता में मोदी सरकार के आज 8 साल पूरे, BJP नेताओं ने गिनाईं उनके नेतृत्व की उपलब्धियां

केंद्र की सत्ता में मोदी सरकार के आज 8 साल पूरे हो रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 30 मई, 2019 को अपने दूसरे कार्यकाल की शपथ ली थी. वह पहली बार 26 मई, 2014 को भारत के प्रधानमंत्री बने थे. केंद्र में अपनी सरकार के 8 वर्ष पूरा करने पर भाजपा आज से देश भर में विशेष कार्यक्रम आयोजित रही है. यूपी की तैयारी कुछ स्पेशल है, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी से लोकसभा के सासंद हैं और यह राज्य संसद में 80 सदस्यों को चुनकर पहुंचाता है. मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने पर उनकी कैबिनेट के मंत्री, भाजपा नेता और कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर बधाई संदेश प्रेषित कर रहे हैं.

केंद्रीय गृ​ह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘पीएम नरेंद्र मोदी जी ने सत्ता को सेवा का माध्यम मानकर गरीबों, किसानों, महिलाओं व वंचितों को उनके अधिकार दिए जिससे लोकतंत्र में उनका विश्वास जगा और वो देश की विकास यात्रा में सहभागी बने. अनेकों ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण इन 8 वर्षों की सभी देशवासियों को बधाई. गत 8 सालों में नरेंद्र मोदी जी ने देश  के हर नागरिक के सपनों व आकांक्षाओं को पंख देकर उनमें नया आत्मविश्वास जगाया है. मोदी जी ने अपने सक्षम नेतृत्व व दृढ़ इच्छाशक्ति से न सिर्फ देश को सुरक्षित करा बल्कि कई ऐसे निर्णय लिए जिससे हर देशवासी का सिर गर्व से ऊंचा उठा.’