जम्मू-कश्मीर: जम्मू से डोडा आ रही बस उधमपुर में पलटी, हादसे में 25 यात्री घायल
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में शनिवार सुबह-सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. जम्मू से डोडा जिल आ रही एक बस शुक्रवार को उधमपुर के बट्टल बलियान इलाके में पलट गई. बस में सवार 25 यात्री घायल हो गए. घायलों को उधमपुर के एक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल अन्य 6 यात्रियों को जम्मू के एक सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया. यह सड़क हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता अभी नहीं चल सका है. फिलहाल, पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि संभवत: ड्राइवर का नींद की वजह से बस पर नियंत्रण नहीं रहा होगा, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ.
लद्दाख में सड़क हादसे के शिकार हुए भारतीय सेना के जवान
इसके एक दिन पहले लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में हुए एक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 7 जवानों की जान चली गई. करीब तीन दर्जन जवानों को गंभीर चोटें आई हैं. हादसे का शिकार हुई गाड़ी में कुल 26 सैनिक मौजूद थे. कमांड हॉस्पिटल में घायल सैनिकों का इलाज चल रहा है. वहीं, गंभीर रूप से घायल जवानों को भारतीय वायुसेना की मदद से हायर सेंटर रेफर किया गया है. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब भारतीय सेना के 26 जवान परतापुर में ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ की ओर जा रहे थे. शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे थोइस से लगभग 25 किमी दूर, सेना का वाहन सड़क से अचानक फिसलकर करीब 50-60 फीट गहराई में श्योक नदी में जा गिरा.
लद्दाख के तुरतुक में हुए हादसे में शहीद हुए भारतीय सेना के सात जवानों में सूबेदार शिंदे विजय राव सरजेराव, नायब सब गुरुदयाल साहू, एमडी सैजल टी, नायक संदीप पाल, जादव प्रशांत शिवाजी और रामानुज कुमार, लांस नायक बप्पादित्य खुटिया शामिल हैं. हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक संवेदना प्रकट की. उन्होंने कहा, ‘लद्दाख में हुए बस हादसे से आहत हूं, जिसमें हमने अपने वीर सेना के जवानों को खो दिया है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. मुझे उम्मीद है कि जो घायल हुए हैं वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएंगे. प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जा रही है.’