राज्यसभा चुनाव: राजस्थान से गुलाब नबी आजाद को भेजे जाने की चर्चा, विरोध में उतरे कांग्रेस नेता

राजस्थान की राज्यसभा की चार सीटों के लिये होने वाले चुनाव (Rajya Sabha Elections) में यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता गुलाब नबी आजाद (Gulab Nabi Azad) को प्रत्याशी बनाये जाने की सुगबुगाहट के साथ ही राजस्थान इकाई में उनका विरोध शुरू हो गया है. विरोध करने वाले नेताओं ने राज्य के प्रभारी अजय माकन से साफ कहा है कि राज्य के ही किसी नेता को यहां से राज्यसभा भेजा जाए. इन नेताओं का तर्क है की राज्यसभा राज्यों के प्रतिनिधि के लिए होती है न कि बाहरी व्यक्ति के लिये. सूत्रों के मुताबिक उदयपुर नव संकल्प शिविर में ही सोनिया गांधी ने आजाद को राज्यसभा भेजने के लिए अशोक गहलोत से चर्चा की थी.

गुलाब नबी आजाद का विरोध करने वाले नेता यह भी तर्क दे रहे हैं कि हाल तक G-23 ग्रुप बनाकर आजाद पार्टी के खिलाफ बयान देते रहे हैं. ऐसे में उनको राज्य से राज्यसभा भेज सम्मानित करने से विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में गलत संदेश जाएगा. इन नेताओं का कहना है कि राजस्थान से पहले ही पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और के सी वेणुगोपाल को राज्यसभा भेजा जा चुका है. अब और ज्यादा बाहरी नेताओं को टिकट नहीं देना चाहिए.