फिर से बढ़े कोरोना के केस, बीते 24 घंटे में मिले 3205 नए मरीज़, 31 लोगों की मौत

 

कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार फिर से बढ़ने लगी है. बीते 24 घंटे के दौरान देश भर में कोरोना के 3205 नए मरीज़ मिले हैं. जबकि इस दौरान 31 मरीज़ों की मौत हो गई. भारत में एक्टिव मरीजों की संख्या 19,509 पर पहुंच गई है. जबकि पिछले 24 घंटे के दौरान 2802 मरीज़ कोरोना से ठीक हुए हैं. पिछले दो दिनों के दौरान संक्रमण में गिरावट का दौर देखा गया था. लेकिन अब फिर से एक दिन में नए मरीजों की संख्या में करीब साढे छह सौ की बढ़त देखी गई है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण की दैनिक दर 0.61 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.71 प्रतिशत है. कोविड-19 से मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत है. वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 टीकों की 189.48 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं.