शादी में शामिल होने गए परिवार के यहां 23 मिनट में 5 लाख का गहना, नकदी ले गए चोर
ग्वालियर. शादी में शामिल होने गए परिवार के यहां चोरी हो गई, तीन चोर रात 2.41 बजे बाइक पर बैठकर आए ताले तोड़ कर उनके मकान में घुसे और 23 मिनट घर में रहे और अलमारी, बक्सा यहां तक किचन को भी खंगाला। 5 तोला सोना, 1 किलो चांदी और 80 हजार रुपए उठाकर निकल गए। चोरी का पता सुबह चला। तब परिवार शादी से भाग कर घर आया। आसपास के मकान पर लगे सीसीटीवी खंगाले उसमें चोरों का आना जाना तो दिखा लेकिन चोरी करने वालों की पहचान नहीं हुई। चोरी गए सामान की कीमत 5 लाख बताई गई है। न्यू शंकुतलापुर निवासी तखत सिंह रजक ने बताया समाधिया कॉलोनी में भांजे विनोद रहता है। उसकी शादी है। 30 अप्रैल को लगुन का कार्यक्रम था। उसमें पूरा परिवार गया था। लेकिन रात को दोनों बेटे और बहुएं वापस लौट आए थे। दूसरे दिन भात देना था, तो फिर भांजे के घर जाना हुआ। देर तक कार्यक्रम चला तो सभी लोग वहीं रूक गए। घर सूना रह गया। रात में चोर आ गए। ताले तोडकर घर में घुसे अलमारी और बक्से में दो बहुओं और तखत की पत्नी का जेवर रखा था, उसे चोरी किया।
सीसीटीवी में दिखी वारदात
तखत सिंह के घर के पास सीसीटीवी लगा है, उसमें चोरों की हरकत रिकार्ड हुई है। उसमें दिखा है तीन चोर रात 2:41 मिनट पर तीन चोर बाइक से आए थे। घर के पास मोटरसाइकल रोकी। दो बदमाश वहीं रूके। एक ने आकर मेनगेट का ताला तोड़ा। फिर दोनों साथियों को इशारा किया। तीनों मकान में घुस गए। रात 3:04 मिनट पर चुराया सामान लेकर बाहर निकले। तखत सिंह का कहना है कॉलोनी में उनके घर के आगे का रास्ता बंद है। वारदात कर चोर वापस उसी रास्ते से भाग गए जिससे आए थे।
पड़ोसी ने देखा खुला दरवाजा, बंद कर चले गए
सुबह पड़ोसी ने दरवाजा खुला देखा तो यह समझे कि परिवार के लोग शादी से वापस आ गए हैं। थकान की वजह से दरवाजा खुला छोडकर सो गए तो वह गेट बंद कर चले गए। दोपहर बाद पड़ोसी वापस लौटे तब भी दरवाजे आधे खुले दिखे तब अंदर आकर झांका। फिर चोरी का पता चला।