ग्वालियर में क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाते एजेंट के साथ बास भी पकड़ा, 70 लाख का हिसाब-किताब मिला

आईपीएल के मैच पर सट्टा खिलवाते हुए पुलिस ने सदर बाजार के तांगा स्टेंड से संजय शर्मा को पकड़ा है। मोबाइल चेक करने पर पता चला कि उसके खाते से कुछ समय पहले ही आकाश राणा व गिल्ली जैन के खाते में पैसा ट्रांसफर हुआ है। आरोपित ने कबूल किया कि यह दोनों ही उसके बास हैं और उसे क्रिकेट मैच का सट्टा खिलवाने के लिये आईडी उपलब्ध कराते हैं। एजेंट की सुरागदेही पर पुलिस ने मछली मंडी के पास से अशोक को पकड़ लिया। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आभूषण कारोबारी अपनी दुकान और घर छोड़कर गायब हो गया। पुलिस अब गिल्ली जैन की तलाश में घूम रही है।

जानकारी के अनुसार आईपीएल क्रिकेट मैच का सट्टा पकड़ने के लिये गठित की टीम को सूचना मिली थी कि सदर बाजार में तांगा स्टैण्ड के पास एक व्यक्ति मोबाइल पर ऑनलाईन सट्टा लेते हुए दिखा, पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया जिसे पुलिस टीम द्वारा घेरकर संजय शर्मा पुत्र अशोक शर्मा को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके मोबाइल में 99हब नाम की वेबसाईट खुली मिली। पकड़े गये सटोरिया की तलाशी लेने पर उनके पास से एक रेडमी कम्पनी का मोबाइल और 3 हजार रुपये नगद जप्त किये गये। पकड़े गये व्यक्ति ने पूछताछ में बताया कि मुरार के ही रहने वाले आकाश राणा व गिल्ली जैन उसे आईडी उपलब्ध कराते थे। पकड़े गये सटोरिया से मिले मोबाइल में लाखों का हिसाब-किताब भी मिला है। उक्त पकड़े गये सटोरिया व आईडी उपलब्ध कराने वाले दोनों व्यक्तियों के खिलाफ थाना मुरार में अप.क्र. 384/22 धारा 4क पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट, 109 भादवि का प्रकरण पंजीबद्व किया जाकर आईडी उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों की तलाश की गई।

मछली मंडी से पकड़ा आकाश राणा को
सटोरिया को आईडी उपलब्ध कराने वाला आकाश राणा सदर बाजार में मछली मण्डी के पास मोबाइल पर ऑनलाईन सट्टा खिला रहा है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मोबाइल पर ऑनलाईन सट्टा खिलाते हुए उसे पकड़ लिया। आकाश की तलाशी लेने पर उसके पास से 39 हजार 500 रुपये मोबाइल जप्त किया गया। उक्त सटोरिया के मोबाइल में भी 99हब की वेबसाईट खुली मिली जाँच में पकड़े गये सटोरिये के ग्वालियर में 250 से अधिक ग्राहक होना पाया गया तथा 70 लाख का लेनदेन भी पाया गया। पूछताछ में उसके द्वारा कमीशन पर सटोरियों को आईडी उपलब्ध कराने की बात भी स्वीकार की गई। अाकाश के साथी गिल्ली जैन की तलाश की जा रही है। आरोपित मुरार का बड़ा आभूषण कारोबारी बताया गया है।