Covid-19: डरा रहे हैं कोरोना के आंकड़े, एक हफ्ते के दौरान मरीजों की संख्या में 41% का इज़ाफा
भारत में कोरोना केसों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. 25 अप्रैल से 1 मई तक पूरे देश में 22 हजार से ज्यादा नए केस दर्ज किए गए हैं. ये उससे पिछले हफ्ते के 15800 केसों से 41 फीसदी ज्यादा हैं. सबसे ज्यादा केस दिल्ली, हरियाणा और यूपी में आ रहे हैं. लेकिन इस सबके बीच राहत की बात ये है कि कोरोना इस बार अभी तक कम जानलेवा साबित हुआ है. आंकड़ों में बताएं तो 1 मई को खत्म हुए सप्ताह में देश के अंदर कोरोना की वजह से 30 मौतें हुईं. इसके पिछले हफ्ते 29 और उससे पिछले हफ्ते कोविड ने 27 लोगों की जान ली.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट बताती है कि कोरोना के जो नए केस आ रहे हैं, उनमें सबसे ज्यादा उछाल 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में देखा जा रहा है. गनीमत ये है कि ज्यादातर राज्यों में कोरोना के नए मरीजों की संख्या हफ्ते में 1000 से कम ही है. कोविड केसों के मामले में दिल्ली नंबर 1 पर है. पिछले हफ्ते राजधानी में 9684 केस दर्ज किए गए. यह उससे पिछले हफ्ते के 6326 केसों से 53 फीसदी ज्यादा है. बीते सप्ताह में देश के अंदर मिले केसों में से 43 प्रतिशत दिल्ली में ही सामने आए. लेकिन यहां भी राहत की उम्मीद देखी जा सकती है क्योंकि इससे पिछले हफ्ते में कोरोना की उछाल 174 प्रतिशत थी.