उफ ये रिकॉर्डतोड़ गर्मी! ग्लोबल वॉर्मिंग के जो दुष्प्रभाव 2025 से दिखने थे, वो अभी से छुड़ा रहे पसीने
अभी अप्रैल खत्म ही हुआ है और चढ़ते तापमान की गर्मी में रिकॉर्ड झुलसने लग गए हैं. देश के कई इलाकों में पारे ने 47 डिग्री सेल्सियस का स्तर छू लिया है या छूने के करीब है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस रिकॉर्डतोड़ गर्मी की वजह ग्लोबल वार्मिंग है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक रह चुके डॉ. के. जे. रमेश का कहना है कि जलवायु परिवर्तन से भारत के वातावरण में जो बदलाव सन 2025 और 2030 में आने का अनुमान लगाया जा रहा था, वह अभी से दिखाई देने लगे हैं.
डॉ. रमेश ने बताया कि हम पूर्व-औद्योगिक युग से 1.2 डिग्री सेल्सियस वॉर्मिंग का स्तर पहले ही पार कर चुके हैं, इसलिए मौसम में बदलाव तो होने ही थे. लेकिन ये बदलाव इतनी जल्दी हो जाएंगे, इसका अनुमान नहीं था. भारत उन कुछ देशों में से एक है, जिनमें इस साल इतनी जल्दी गर्मी ने जोर पकड़ा है. अप्रैल में औसत मासिक तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहा है, लेकिन जो विसंगतियां हम देख रहे हैं, वो इससे कहीं ज्यादा हैं.
भारतीय उपमहाद्वीप में अप्रैल-मई में हीटवेव आम बात हैं, लेकिन इस बार जिस तरह से पारा इतनी जल्दी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा है, उसने दुनिया भर के जलवायु वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है. मार्च में पिछले 122 वर्षों का औसत अधिकतम तापमान का उच्चतम स्तर 33.1 डिग्री का रिकॉर्ड पहले ही टूट चुका है. हीटवेव के दो लंबे दौर आ चुके हैं. लू के ये दौर हिमाचल के पहाड़ों से लेकर महाराष्ट्र के तटीय इलाकों तक देखे गए है. वायुमंडलीय विज्ञान व जलवायु के मामलों पर भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में सलाहकार रह चुके डॉ. रमेश का कहना है कि मार्च में हीटवेव असाधारण घटना थी. हम 2025 के बाद इन बदलावों की संभावना जता रहे थे, जो 2030 तक होने थे. लेकिन वो बदलाव अभी सामने आ रहे हैं. संभावना है कि आने वाले वर्षों में ये और तीखे होंगे और बार-बार अपना असर दिखाएंगे.